देवप्रयाग से गंगासागर तक बोट से 34 दिनों में यात्रा पूरी कर दिया स्वच्छता का संदेश…
बेगूसराय की मेधा चाहे जिस किसी भी क्षेत्र में हो अपनी अलग पहचान बनाये रखने की खातिर जानी जाती है। चाहे बात पढ़ाई के बूते आईएएस-आईपीएस बनने की हो या खेल के मैदान में बुलन्दी का झंडा गाड़ने की या कला-संस्कृति व साहित्य के क्षेत्र में अपनी धाक जमाने की हो या फिर पत्रकारिता जगत में अपनी अलग पहचान स्थापित करने की।
हम बात कर रहे हैं हाल ही में देश के प्रतिष्ठित रामनाथ गोयनका अवार्ड से सम्मानित हुए बेगूसराय के बहदरपुर निवासी डीडी न्यूज़ के पत्रकार धीरज कुमार की जिन्हें शुक्रवार को दिल्ली में जलशक्ति मंत्रालय के गंगा आमंत्रण अभियान कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सम्मानित किया गया।
धीरज कुमार को यह सम्मान गंगा आमंत्रण दल में शामिल हो 10 अक्टूबर 2019 को उत्तराखंड के देवप्रयाग से यात्रा की शुरूआत कर गंगासागर तक बोट से यात्रा कर गंगा की पवित्रता और अविरलता की खबर के बेहतरीन न्यूज़ कवरेज के लिए दिया गया।
गंगा स्वच्छता का संदेश लिये इस 34 दिवसीय यात्रा में तीनों सेना के जवान, एनडीआरएफ समेत, केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के सचिव, नमामि गंगे योजना के महानिदेशक आदि ने भी हिस्सा लिया था।
यात्रा के समापन की उपलब्धियों पर शुक्रवार को दिल्ली के अशोका होटल में जलशक्ति मंत्रालय द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए। गृह मंत्री ने गंगा स्वच्छता का संदेश देती इस साहसिक यात्रा को पूरा करनेवाली टीम को पुरस्कृत किया और बेहतर कार्य के लिए बधाई भी दी।
इस मौके पर अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि गंगा नदी को केवल नदी की दृष्टि से समझना मुश्किल है। गंगा दुनिया को बहुत कुछ देने वाली संस्कृति का नाम है। वर्ष 2014 से केन्द्र की सरकार ने गंगा की अविरलता और निर्मलता के लिए कदम उठाया है। जो मील का पत्थर साबित होनेवाला है।
गंगा नदी के किनारे बसे गांव और शहर में लोगों को जागरूक बनाने के लिए काफी कदम उठाये गये हैं। उसी की एक बानगी गंगा आमंत्रण दल की ये यात्रा भी है। ये यात्रा 34 शहरों में पड़ाव के साथ गुजरी है, हर पड़ाव में स्थानीय लोगों से जुड़ने की शानदार पहल हुई है।
पत्रकार धीरज कुमार की इस उपलब्धि पर बेगूसराय नगर निगम के पूर्व महापौर संजय कुमार, उप महापौर राजीव रंजन, सामाजिक कार्यकर्ता प्रभाकर कुमार राय, जिला पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष बिनोद कर्ण, छात्र संगठन एनयूएसआई कार्यकर्ता राहुल कुमार सहित अन्य राजनीतिक व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।
