Bihar Now
BREAKING NEWS
Headlinesअंतरराष्ट्रीयअन्यजीवन शैलीटॉप न्यूज़दिल्लीबिहारब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराष्ट्रीय

Bihar Top 10 News Today: 11 लाख परिवारों को PM आवास, दुबई में 7 युवक बंधक, TRE-4 प्रदर्शन और बारिश का अलर्ट…

Bihar Top 10 News Today: बिहार में आज सियासी हलचल से लेकर रोजगार, शिक्षा, अपराध और मौसम तक कई अहम खबरें सुर्खियों में हैं। केंद्र सरकार ने राज्य के 11 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को पीएम आवास देने का ऐलान किया है। वहीं, मोकामा विधायक अनंत सिंह की नीतीश कुमार से मुलाकात चर्चा में है। दुबई में पूर्णिया और किशनगंज के सात युवकों के बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। EOU ने भ्रष्टाचार और BPSC AEDO परीक्षा में कथित धांधली के मामलों में कार्रवाई की है। इधर, TRE-4 अभ्यर्थियों का प्रदर्शन और तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च को लेकर बिहार की सियासत गरम है। पटना की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव के साथ मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। पढिये बिहार की 10 प्रमुख खबरें…

केंद्र सरकार ने बिहार को बड़े तोहफे का ऐलान कर दिया है। इसके तहत बिहार के 11 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्का मकान मुहैया कराया जाएगा। गुरुवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार में नए पीएम आवास के आवंटन स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीएम आवास के लाभुकों को निर्मित पक्के मकान की चाबी सौंपी। इस मौके पर राज्यभर के दो लाख 35 हजार लाभुकों को चाबी दी गई। उसके साथ ही नए आवास निर्माण की स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

मोकामा से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के विधायक अनंत सिंह ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री अनंत सिंह से मुलाकात की है। इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। मुलाकात के दौरान अनंत सिंह अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आए हैं। मोकामा विधायक अनंत सिंह औऱ पूर्व सीएम नीतीश कुमार के मुलाकात की जो तस्वीरें सामने आई हैं उसमें नजर आ रहा है कि अनंत सिंह हाथ जोड़कर और मुस्कुराकर नीतीश कुमार से मिलते हैं। इसपर नीतीश कुमार ने भी हाथ जोड़कर उनका अभिनंदन किया है।

बिहार के सात युवक दुबई में बंधक बने हुए हैं। इन युवकों ने गुहार लगाई है कि इन्हें रिहा कराया जाए। बताया जा रहा है कि रोजगार के नाम पर पूर्णिया और किशनगंज के सात युवक दुबई में फंस गए हैं। जानकारी के मुताबिक, किसी एजेंट के माध्यम से रोजगार के लिए ये सभी दुबई गए थे। वहां रोजगार तो नहीं मिला अलबत्ता इनका पासपोर्ट भी रख लिया गया। पूर्णिया के रौटा थाना क्षेत्र के तीन और किशनगंज के कोचाधामन के चार युवकों को यहां बंधक बना लिया गया है। कोचाधामन के पूर्व विधायक को वीडियो कॉल पर इन युवाओं ने आपबीती सुनाई है। बताया जाता है कि पर्यटन वीजा पर रोजगार के लिए एजेंट इन्हें ले गया था।

आर्थिक अपराध शाखा यानी EOU ने बिहार के एक और भ्रष्ट अधिकारी पर शिकंजा कसा है। ईओयू की टीम ने बिहार मुक्त विद्यालय शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के ठिकानों पर रेड डाली है। ईओयू ने आय से अधिक संपत्ति मामले में यह रेड डाली है। उप निदेशक के पटना और बेगूसराय के तीन ठिकानों पर ईओयू की जांच चल रही है। ईओयू ने 3.44 करोड़ रुपये आय से अधिक संपति का केस दर्ज किया है। यह उनके ज्ञात आय से लगभग 90.04% अधिक है।

हाजीपुर में चर्चित ठेकेदार रामनरेश राय की हत्या के बाद सियासत गरमा गई है। गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मृतक के आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान अब्दुल बारी सिद्दीकी समेत राजद के कई नेता और विधायक मौजूद रहे। तेजस्वी यादव ने मधुबनी जेल में 19 वर्षीय युवक की मौत को लेकर भी सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि युवक को पुलिस ने जबरन उठाकर कई दिनों तक परिजनों को जानकारी दिए बिना जेल में रखा और अमानवीय तरीके से पीटा गया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार के हर जिले में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।

पटना में मेट्रो निर्माण के कारण बेली रोड पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। आज से चिड़ियाघर गेट नंबर-1 से इनकम टैक्स गोलंबर तक व्यावसायिक वाहनों का परिचालन स्थायी रूप से बंद रहेगा। पुनाईचक के पास ट्रैफिक दबाव को देखते हुए ऑटो और ई-रिक्शा अब विश्वेश्वरैया भवन के पीछे वाली सड़क से होकर गुजरेंगे। यह रूट पुनाईचक रोड से अटल पथ और फिर महेश नगर अंडरपास होते हुए बोरिंग कैनाल रोड की ओर जाएगा। बेली रोड पर फिलहाल तीन जगहों पर मेट्रो निर्माण का काम चल रहा है। यातायात पुलिस के अनुसार, ऑटो, ई-रिक्शा और सिटी बसों के कारण चिड़ियाघर, हनुमान मंदिर, विकास भवन और नियोजन भवन के आसपास लगातार ट्रैफिक दबाव बना रहता है। नई यातायात व्यवस्था लागू होने से इन इलाकों में जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

BPSC AEDO परीक्षा में कदाचार के मामले में आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने बायोमीट्रिक ऑपरेटर अतुल राज पांडेय को गिरफ्तार किया है। वह इस मामले में पटना के श्रीकृष्णापुरी थाने में दर्ज कांड संख्या 132/26 का अप्राथमिकी अभियुक्त बताया जा रहा है। EOU की जांच में सामने आया है कि अतुल राज पांडेय ने अप्रैल 2026 में आयोजित AEDO की परीक्षाओं के दौरान कई परीक्षा केंद्रों को मैनेज कर बड़े स्तर पर धांधली की साजिश रची थी। जांच के मुताबिक, परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका सामने आने के बाद BPSC ने बाद में दोनों परीक्षाओं को रद्द कर दिया था। EOU अब मामले में जुड़े अन्य लोगों और परीक्षा केंद्रों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह को याद कर भावुक हो गए। ‘भोजपुरी बवाल’ के नए प्रोमो में पवन सिंह नीलम सिंह की तस्वीर के सामने भावुक नजर आए और उन्हें याद करते हुए अपने पुराने अनुभव साझा किए। पवन सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में एक देवी को पाया था, लेकिन उन्हें खो दिया। उन्होंने नीलम सिंह को अपने जीवन की देवी बताते हुए कहा कि जब तक उनके शरीर में जान है, वह उनके जीवन का हिस्सा रहेंगी।

पटना के गर्दनीबाग में TRE-4 अभ्यर्थियों का प्रदर्शन तेज हो गया है। अभ्यर्थी परीक्षा पैटर्न में किए गए बदलाव का विरोध कर रहे हैं और सरकार से सवाल पूछ रहे हैं- “हर बार प्रयोग हम पर ही क्यों?”अभ्यर्थियों का कहना है कि TRE-1, TRE-2 और TRE-3 में एक परीक्षा के आधार पर भर्ती हुई थी और नेगेटिव मार्किंग भी नहीं थी। वहीं, TRE-4 में PT और Mains के साथ नेगेटिव मार्किंग लागू की गई है। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि TRE-4 में परीक्षा की प्रक्रिया को सरल किया जाए और पहले की तरह एक ही परीक्षा के आधार पर भर्ती की जाए।

तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने आरोप लगाया कि तेजस्वी गैर-मुद्दे को मुद्दा बनाकर राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए संजय झा पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उन्हीं जैसे लोगों ने नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजकर फंसा दिया। उन्होंने संजय झा पर अमित शाह की चापलूसी करने का भी आरोप लगाया।

बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। 21 और 22 अगस्त को उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 23 अगस्त को पश्चिमी और मध्य बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। 21 अगस्त को बिहार के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी हो सकती है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

Related posts

BPSC छात्रों के समर्थन में सड़कों पर उतरे पप्पू यादव, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी…कई ट्रेनों को रोका…

Bihar Now

बिहार में बेलगाम अपराधी !… मधुबनी में SDO के ड्राइवर की गोली मारकर हत्या, “सु”शासन पर सवाल ?…

Bihar Now

पीएम मोदी पर तेजस्वी का तंज… कहा – जुमले ने 2014 और 2019 का चुनाव जिताया, अबकी बार झांसे में नहीं आएगी जनता…

Bihar Now

एक टिप्पणी छोड़ दो