बिहार के हाजीपुर में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास गंगा नदी में नाव पलट गई। इस हादसे में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, नाव पर करीब 20 युवक और बच्चे सवार थे।फ मृतकों में ज्यादातर बच्चे हैं, जिनकी उम्र से 10 से 15 साल के बीच है। सभी भोज खाने के लिए छोटी नाव पर सवार होकर जा रहे थे।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन समेत स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। हादसे में कितने लोग लापता हैं और कितनों का रेस्क्यू किया जा चुका है, इसके बारे में अभी पूरी जानकारी नहीं सामने आई है।
रामपुर श्यामचंद में हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोग नदी में डूबे बच्चों को लेकर नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने 10 बच्चों को मृत घोषित कर दिया। सभी के शवों को अस्पताल में ही रखा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य आरंभ किया। वैशाली के एसपी, एसडीओपी और एसडीओ भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
वहीं इस घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शोक जताया है, उन्होंने कहा कि वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूमों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें एवं परिजनों को यह भारी दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) दी जाएगी। प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
