Bihar Now
BREAKING NEWS
Headlinesअंतरराष्ट्रीयअन्यअपराधजीवन शैलीटैकनोलजीटॉप न्यूज़दिल्लीफ़ैशनफोटो-गैलरीबिजनेसबिहारब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराष्ट्रीय

चुनाव खत्म होते ही पटना प्रशासन को अब याद आया कोरोना… घर में मनाएं छठ, टैंकर से गंगाजल पहुंचाने को भी तैयार अधिकारी..

पटना जिला प्रशासन की मीटिंग में कोरोना के खतरे को लेकर चर्चा की गई

चुनावी सभा में कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने में फेल प्रशासन अब संक्रमण को लेकर गंभीर हो गया है। चुनाव में नेताओं की मनमानी पर चुप्पी साधने वाले अधिकारी अब कोरोना को लेकर लोगों को अलर्ट कर रहे हैं। तृतीय चरण का मतदान खत्म होते ही रविवार को प्रशासन ने छठ को लेकर बैठक की है। इस महापर्व पर कोरोना से बचाव को लेकर मंथन किया गया है। लोक आस्था के महापर्व छठ व्रत के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर पटना के प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने डीएम कुमार रवि, पूजा समिति के प्रतिनिधियों एवं वार्ड काउंसिलर के साथ हिंदी भवन सभागार में बैठक कर कोरोना के खतरे पर चिंता व्यक्त की है।

जो अब तक साधे थे चुप्पी, हो गए हैं गंभीर

बैठक में सिविल सर्जन ने कहा कि वर्तमान में पटना जिले में ख़ासकर पटना शहर में कोविड के लगातार संक्रमण के मामलों को देखते हुए छठ जैसे पर्व में अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने की आवश्यकता है। सार्वजनिक स्थलों पर कोविड संबंधी सावधानी एवं सजगता बनाए रखने को लेकर काम करना होगा। जिला प्रशासन की तरफ से बताया गया कि बैठक में पूजा समिति के करीब सभी प्रतिनिधियों ने कोरोना के वर्तमान दौर में छठ घाटों पर भीड़-भाड़ नहीं लगाने तथा अपने-अपने घर पर ही छठ व्रतियों को सुरक्षित पूजा का आयोजन करने संबंधी सुझाव दिए। इसके लिए प्रचार प्रसार भी करने पर जोर दिया गया। सुझाव आया कि कोविड काल में आस्था के साथ साथ सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए।

लोग घर में पूजा करें इसके लिए किया जाएगा प्रचार प्रसार

बैठक में सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग, बैनर, पोस्टर द्वारा भी प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। वार्ड काउंसलर द्वारा इस आशय के बारे में वार्ड वार डोर-टू-डोर लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता बताई गई। घर पर छठ करने में असमर्थ व्रतियों को घाटों पर सशर्त छठ व्रत करने संबंधी निर्णय लेने का सुझाव भी दिया गया। छोटे घाटों की जगह बड़े पाट वाले घाटों पर आयोजन करने संबंधी सुझाव दिए गए। सभी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर रोक लगाने का सुझाव दिया गया। बैठक में बताया गया कि उच्च स्तरीय निर्णय प्राप्त होने पर उपर्युक्त प्रतिबंध के संबंध में निर्देश जारी किए जाएंगे। लेकिन तब तक घाटों पर तैयारी की जाए तथा व्रतियों को सुविधा अनुसार घर पर छठ करने के संबंध में प्रेरित किया जाए। यह भी अवगत कराया जाए कि नगर निगम के माध्यम से घर तक शुद्ध गंगा जल आपूर्ति की जाएगी।

कोरोना को लेकर अब ये दिखे गंभीर

प्रमंडलीय आयुक्त ने छठ महापर्व की आस्था के साथ-साथ कोविड सुरक्षा का भी ध्यान रखने के बारे में भी लोगों को जागरुक एवं प्रेरित करने को कहा।
पटना नगर निगम के नगर आयुक्त को छठ पर्व के अवसर पर साफ सफाई की सुदृढ़ व्यवस्था करने हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
अपने घरों में छठ करने वाले व्रती के लिए घर तक टैंकर से गंगा जल उपलब्ध कराने के लिए प्लान बनाने तथा टीम गठित करने का निर्देश दिया गया।
संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को प्लान बनाने तथा वाहन के माध्यम से यथासंभव घर पर सुरक्षित पूजा करने संबंधी प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा, उप विकास आयुक्त रिची पांडेय, अपर समाहर्ता राजीव श्रीवास्तव के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related posts

एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती, सरेआम दिनदहाड़े पेट्रोल मालिक के बेटे की गोली मारकर हत्या…

Bihar Now

पप्पू सहनी फेक इनकाउंटर मामले में सरकार को देना होगा जवाब: मुकेश सहनी 

Bihar Now

Breaking : सीतामढ़ी के बाजपट्टी के एक बूथ पर EVM खराब, घंटों से वोटिंग बाधित, मतदाता परेशान…

Bihar Now

एक टिप्पणी छोड़ दो