लखीसराय : जमुई लखीसराय मार्ग पर मंझवें गांव के पास ‘ कोनीपर ‘ मुख्य सड़क पर ऑटो और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई है. इस सड़क हादसे में इंजीनियरिंग के तीन छात्रों की मौके पर मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि सभी छात्रों की कल ही परीक्षा खत्म हुई थी. जिससे वो घर जाने के लिए लखीसराय रेलवे स्टेशन जा रहे थे.
लखीसराय में 3 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत : मिली जानकारी के अनुसार अहले सुबह शिवसोना गांव स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्र और गांव के अन्य दो छात्र लखीसराय से सुबह 6 बजे ट्रेन पकड़ने वाले थे. जिससे वो शिवसोना गांव से सीएनजी ऑटो पर सवार होकर लखीसराय जा रहे थे. ऑटो में कुल 6 लोग सवार थे.
खड़े ट्रक में जा घुसा ऑटो : इसी बीच कॉलेज से लगभग 7 किलोमीटर की दूरी पर सीएनजी ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई गई. जिससे तीन इंजीनियरिंग छात्रों की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य छात्र खाई में गिरने की बजह से बच गए.
सीमा विवाद में उलझी जमुई-लखीसराय की पुलिस : सड़क हादसे की सूचना मिलते ही तेतर हाट थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन दो जिलों का बॉर्डर होने की वजह से जमुई पुलिस और लखीसराय पुलिस घटनास्थल से मृतकों के शव को नहीं उठा रही थी.
हमें सुबह-सुबह सूचना मिली कि ऑटो की ट्रक से टक्कर हो गई है. जिसमें हमारे बच्चे की मौत हो गई है. परीक्षा खत्म होने के बाद आज वो सुबह घर आने वाला था”. मृतक सरोज के परिजन
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव: हालांकि आपसी सामंजस्य के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिऐ जमुई सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम किया जा रहा है. वहीं, घायलों को उपचार के लिए लखीसराय अस्पताल भेजा गया है.
”सभी सेकेंड ईयर थर्ड सेमेस्टर के छात्र थे. कल सभी की परीक्षा खत्म हो गई थी. आज सुबह 6.15 पर उनकी ट्रेन थी. जिससे सभी अहले सुबह 4 बजे के आसपास निकले और लगभग 4.45 बजे ये सड़क हादसा हो गया”. -विमलेश कुमार, प्रिंसिपल, सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज लखीसराय
क्या कहती है पुलिस?: तेतरहाट थाना अध्यक्ष मृत्यृजंय कुमार ने बताया कि घटना करीबन पांच बजे से पहले की है. मृतकों की पहचान समस्तीपुर जिला के पंकज कुमार, सरोज कुमार और नालंदा के साहिल कुमार के रूप में हुई है.
”सीएनजी ऑटो तेज रफ्तार से आ रही थी. इसी बीच मंझवे और नोनगढ़ गावं के बीच हाइवे पर खड़े ट्रक से उसकी टक्कर हो गई. ऑटो में कुल 6 लोग सवार थे. जिसमें से तीन लोगों की मौत हो गई है. तीनों मृतक छात्र शिवसोना इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र थे”. मृत्यृजंय कुमार, तेतरहाट थाना अध्यक्ष
