अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली के भारत मंडपम में नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड्स कार्यक्रम में बिहार की मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड’ से सम्मानित किया है।
उन्हें ‘कल्चरल एंबेसडर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से नावजा गया है।
इस दौरान स्टेज पर मैथिली ठाकुर को अवॉर्ड देते हुए पीएम मोदी ने पहले नमस्ते कहकर अभिवादन किया और फिर कुछ गुनगुनाने को भी कहा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ सुना दो, क्योंकि लोग मेरा सुन-सुनकर थक जाते हैं।
पीएम ने कहा कि आज महाशिवरात्रि है तो शिव जी का भजन सुना दो। इसके बाद मैथिली ने शिव भजन ‘डिमिक डिमिकक डमरू बाजे, प्रेम मगन नाचे भोला’ गाया। जिसकी पीएम ने काफी तारीफ की। उसके बाद मैथिली ने पीएम से सेल्फी लेने की गुजारिश की। जिसके बाद पीएम ने मैथिली के साथ एक तस्वीर खिंचवाई…
दरअसल, पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली के भारत मंडपम में नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड्स कार्यक्रम में रचनाकारों को सम्मान दिया है। कुल 23 लोगों को यह सम्मान मिला। इनमें बिहार की मैथिली ठाकुर भी शामिल हैं।
क्रिएटर्स की सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि युवाओं को और उनकी क्रिएटिविटी को सम्मान देने के लिए यह अवॉर्ड पहली बार आयोजित हो रहे हैं। यह नए दौर को समय से पहले पहचान देने का आयोजन है।
