पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शनिवार को 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। करीब दो वर्षों तक चली चयन प्रक्रिया के बाद 2035 पदों के लिए 2027 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। आयोग के अध्यक्ष रवि मनुभाई परमार ने परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह और सचिव सत्यप्रकाश शर्मा की मौजूदगी में परिणाम घोषित किया।
अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। परिणाम जारी होने के साथ ही राज्य की सबसे चर्चित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक 70वीं बीपीएससी की चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।
श्रद्धा पांडेय बनीं टॉपर
आयोग द्वारा जारी मेरिट सूची के अनुसार श्रद्धा पांडेय ने 593 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया है। शशांक गौरव 592 अंकों के साथ दूसरे और आयुष विजॉय भी 592 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। टॉप-10 में पांच पुरुष और पांच महिला अभ्यर्थियों ने जगह बनाई है, जबकि टॉप-100 में 45 महिलाएं शामिल हैं।
वहीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के फाइनल रिजल्ट में मिथिलांचल की बेटियों ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है. दरभंगा के लक्ष्मीसागर की रहने वाली प्रिया ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में पूरे राज्य में शानदार 10वीं रैंक (Top 10) हासिल कर अपनी सफलता का परचम लहराया है. प्रिया की इस ऐतिहासिक कामयाबी से न सिर्फ उनके माता-पिता और परिवार का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है, बल्कि पूरे दरभंगा जिले का नाम रोशन हुआ है.
- आंदोलन और विवादों के बीच पूरा हुआ चयन
रिजल्ट जारी होने के बाद बीपीएससी अध्यक्ष रवि मनुभाई परमार ने कहा कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा को लेकर तीन महीने तक आंदोलन चला, पुनर्परीक्षा की मांग उठी और मामला हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। इसके बावजूद आयोग अपने निर्णय पर कायम रहा।
उन्होंने कहा कि अदालतों ने भी आयोग की प्रक्रिया पर भरोसा जताया। मुख्य परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का बहुस्तरीय मूल्यांकन कराया गया और किसी भी कॉपी को केवल एक परीक्षक के भरोसे नहीं छोड़ा गया।
5,449 अभ्यर्थियों का हुआ इंटरव्यू
आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा में 25,581 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इसके बाद लगभग साढ़े पांच महीने तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन और डेढ़ महीने तक त्रिस्तरीय जांच की गई। दस्तावेज सत्यापन के बाद 5,449 अभ्यर्थियों का दो चरणों में साक्षात्कार लिया गया, जिसके आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की गई।
बीपीएससी के अनुसार सफल अभ्यर्थियों में करीब 300 उम्मीदवार बिहार के बाहर के राज्यों से भी हैं।
