बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। नीतीश कुमार ने राबड़ी पर उनके सीएम बनने को लेकर निशाना साधा था।
तो वहीं, अब राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश के मानसिक स्वास्थ्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राबड़ी देवी ने ये तक कह दिया है कि नीतीश को कुर्सी छोड़ कर अपने बेटे को मुख्यमंत्री बना देना चाहिए। बता दें कि राजद ने सीएम नीतीश पर राष्ट्रगान का अपमान करने का भी आरोप लगाया है।
बिहार विधानसभा में सदन की कार्रवाई शुरू होते ही तेजस्वी यादव ने राष्ट्रगान वाला मामला उठाया। इस पर स्पीकर ने इस मामले को शून्य काल में उठाने की बात कही। इसके बाद विपक्ष के विधायकों ने हंगामा जारी रखा। मंत्री विजय चौधरी ने सरकार की तरफ से पक्ष रखने की बात कही लेकिन विपक्ष का हंगामा जारी रहा। इसके बाद स्पीकर ने 2 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित की…
बिहार विधान परिषद में गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। राबड़ी देवी की तरफ इशारा करते हुए नीतीश ने कहा था- “इनके पति की सरकार थी, बाद में इन्हें बिठा दिया। ये लोग कभी कुछ किया है? हमलोगों ने सब काम किया है, आपलोगों के बोलने का कोई मतलब नहीं है। आपलोग सिर्फ प्रचार चाहते हैं।
आप लोग आज तक कोई काम नहीं किए हैं, हम किसी को बचाए नहीं हैं। पहले कितना हिंदू-मुस्लिम होता था, हम लोगों ने उसे सुधारा। जैसे ही गड़बड़ियां दिखीं, हमने उन्हें हटाया। अब हम कहीं नहीं जाएंगे। आपके पति हटे तो आप बन गईं। सिर्फ घर के आदमी को ही पद मिल रहा है।”
