बिहार के मधुबनी से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 57 पर एक बस हादसे का शिकार हो गई. बताया जा रहा है कि यात्रियों से खचाखच भरी बस अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई. ये हादसा फुलपरास थाना क्षेत्र में किसनीपट्टी नहर के पास NH-57 पर हुआ. इस हादसे में एक यात्री की मौत बताई जा रही है, जबकि 30 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि बस चालक की लापरवाही के चलते ये हादसा हुआ है. कहा जा रहा है कि चालक को नींद आ जाने के चलते बस अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी. हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. लोगों की आवाजें सुनकर स्थानीय लोग वहां पहुंचे और उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी. हादसे में घायल लोगों को स्थानीय लोगों की सहायता से बस से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है. मरने वाली महिला गुजरात की रहने वाली बताई जा रही है. लोकल पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान गुजरात के बड़ोदरा निवासी तनुभाई पटेल की 65 वर्षीय पत्नी हंसा देवी के रुप में हुई. तकरीबन 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं जिन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतका के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है.
