पटनाः बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर खून से लाल हो गई. चौक थाना क्षेत्र के चमडोरिया किला रोड पर देर रात बदमाशों ने एक युवक को बेरहमी से चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया. वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान कौवा खोह मोहल्ला के रहने वाले गणेश चौधरी के 35 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है. वह आलमगंज थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पीएमसीएच में ट्रॉली एजेंसी का काम करता था.
माता-पिता से मिलने कौवा खोह आया था. वह रात का खाना खाकर अपने किराए के मकान लौट रहा था, तभी यह घटना घट गई. बताया जाता है कि लौटने के दौरान मोहल्ले के ही अपराधियों ने उसे घेर लिया. इसके बाद ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला किया गया. घायल हालत में सन्नी को आनन-फानन में एनएमसीएच ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया.
