बिहार में शिक्षक बहाली के लिए आज रविवार का दिन बेहद खास रहा… शिक्षक नियुक्ति के तृतीय चरण में आज 51 हजार 389 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए. पटना, नालंदा, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, जहानाबाद, अरवल, सारण, वैशाली के अभ्यर्थियों को पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज नियुक्ति पत्र सौंपा…इसी दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को लेकर अजीबोगरीब टिप्पणी की…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पैदा करने की क्षमता महिला को है, और कोई पैदा नहीं कर सकता है … वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि हमलोगों ने लड़का लड़की सबके के लिए बहुत काम किया है …. उन्होंने कहा कि पहले वाला महिलाओं के लिए कुछ किया था जी ..
दरअसल, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) से चयनित 8 जिलों के 10739 शिक्षकों को पटना में नियुक्ति पत्र दिए गए. जबकि बाकि चयनित शिक्षकों को उनके जिला मुख्यालयों में नियुक्ति पत्र मिला.
सभी जिले वीसी के माध्यम से गांधी मैदान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम से जुड़े. शिक्षक नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा के अलावा शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भी शामिल हुए
IPRD बिहार की तरफ से एक्स पर पोस्ट कर लिखा गया कि रोजगार मतलब नीतीश सरकार, रोजगार की बहार शिक्षक नियुक्ति में इतिहास रचता बिहार. शिक्षक नियुक्ति तृतीय चरण सीएम नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा 51 हजार 389 शिक्षकों का नियुक्ति-पत्र वितरण.
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की तीसरे चरण की बहाली में कक्षा 1 से 5वीं तक के 21911 अभ्यर्थी, कक्षा 6 से 8 के 16989 अभ्यर्थी, कक्षा 9 से 10वीं के लिए 15421 अभ्यर्थी और 11-12वीं के लिए 12479 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिन्हें आज नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. नियुक्ति पत्र दिए जाने के बाद नव नियुक्त शिक्षकों को अप्रैल तक स्कूल आवंटित किए जाएंगे. आगामी नए शैक्षणिक सत्र में नवनियुक्त शिक्षक अपनी सेवाएं दे सकेंगे, ताकि बच्चों का पठन-पाठन सुचारू रूप से चल सके.
चौथे चरण में 26 हजार से अधिक कंप्यूटर शिक्षकों की भर्ती की जाएगी. जिससे स्कूलों में बच्चों को कंप्यूटर की शिक्षा मिल सके. शिक्षा विभाग में पहले चरण में कंप्यूटर शिक्षकों की वैकेंसी आई थी लेकिन दूसरे व तीसरे चरण की बहाली में कंप्यूटर शिक्षकों की वैकेंसी नहीं आई थी.
